
मूल पाठ
॥ श्री साईं चालीसा ॥ पहले साईं के चरणों में, अपना शीश नमाऊं मैं। कैसे शिर्डी साईं आए, सारा हाल सुनाऊं मैं॥ ॥ चौपाई ॥ कौन हैं माता, पिता कौन हैं, यह न किसी ने भी जाना। कहां जनम साईं ने धारा, प्रश्न पहेली रहा बना॥ कोई कहे अयोध्या के ये, रामचन्द्र भगवान हैं। कोई कहता साईंबाबा, पवन-पुत्र हनुमान हैं॥ कोई कहता मंगल मूर्ति, श्री गजानन हैं साईं। कोई कहता गोकुल-मोहन, देवकी नन्दन हैं साईं॥ शंकर समझ भक्त कई तो, बाबा को भजते रहते। कोई कह अवतार दत्त का, पूजा साईं की करते॥ कुछ भी मानो उनको तुम, पर साईं हैं सच्चे भगवान। बड़े दयालु, दीनबन्धु, कितनों को दिया है जीवन दान॥ कई वर्ष पहले की घटना, तुम्हें सुनाऊंगा मैं बात। किसी भाग्यशाली की, शिर्डी में आई थी बारात॥ आया साथ उसी के था, बालक एक बहुत सुन्दर। आया, आकर वहीं बस गया, पावन शिर्डी किया नगर॥ कई दिनों तक रहा भटकता, भिक्षा मांगी उसने दर-दर। और दिखाई ऐसी लीला, जग में जो हो गई अमर॥ जैसे-जैसे उमर बढ़ी, वैसे ही बढ़ती गई शान। घर-घर होने लगा नगर में, साईं बाबा का गुणगान ॥10॥ दिग्-दिगन्त में लगा गूंजने, फिर तो साईंजी का नाम। दीन-दुखी की रक्षा करना, यही रहा बाबा का काम॥ बाबा के चरणों में जाकर, जो कहता मैं हूं निर्धन। दया उसी पर होती उनकी, खुल जाते दु:ख के बन्धन॥ कभी किसी ने मांगी भिक्षा, दो बाबा मुझको सन्तान। एवं अस्तु तब कहकर साईं, देते थे उसको वरदान॥ स्वयं दु:खी बाबा हो जाते, दीन-दुखी जन का लख हाल। अन्त: करण श्री साईं का, सागर जैसा रहा विशाल॥ भक्त एक मद्रासी आया, घर का बहुत बड़ा धनवान। माल खजाना बेहद उसका, केवल नहीं रही सन्तान॥ लगा मनाने साईं नाथ को, बाबा मुझ पर दया करो। झंझा से झंकृत नैया को, तुम ही मेरी पार करो॥ कुलदीपक के बिना अंधेरा, छाया हुआ घर में मेरे। इसीलिये आया हूँ बाबा, होकर शरणागत तेरे॥ कुलदीपक के अभाव में, व्यर्थ है दौलत की माया। आज भिखारी बन कर बाबा, शरण तुम्हारी मैं आया॥ दे दो मुझको पुत्र दान, मैं ॠणी रहूंगा जीवन भर। और किसी की आस न मुझको, सिर्फ़ भरोसा है तुम पर॥ अनुनय-विनय बहुत की उसने, चरणों में धर के शीश। तब प्रसन्न होकर बाबा ने, दिया भक्त को यह आशीष ॥20॥ “अल्लाह भला करेगा तेरा”, पुत्र जन्म हो तेरे घर। कृपा होगी तुम पर उसकी, और तेरे उस बालक पर॥ अब तक नही किसी ने पाया, साईं की कृपा का पार। पुत्र रत्न दे मद्रासी को, धन्य किया उसका संसार॥ तन-मन से जो भजे उसी का, जग में होता है उद्धार। सांच को आंच नहीं है कोई, सदा झूठ की होती हार॥ मैं हूं सदा सहारे उसके, सदा रहूंगा उसका दास। साईं जैसा प्रभु मिला है, इतनी ही कम है क्या आस॥ मेरा भी दिन था इक ऐसा, मिलती नहीं मुझे थी रोटी। तन पर कपड़ा दूर रहा था, शेष रही नन्हीं सी लंगोटी॥ सरिता सन्मुख होने पर भी मैं प्यासा का प्यासा था। दुर्दिन मेरा मेरे ऊपर, दावाग्नि बरसाता था॥ धरती के अतिरिक्त जगत में, मेरा कुछ अवलम्ब न था। बना भिखारी मैं दुनिया में, दर-दर ठोकर खाता था॥ ऐसे में इक मित्र मिला जो, परम भक्त साईं का था। जंजालों से मुक्त मगर इस, जगती में वह मुझ-सा था॥ बाबा के दर्शन की खातिर, मिल दोनों ने किया विचार। साईं जैसे दया-मूर्ति के, दर्शन को हो गए तैयार॥ पावन शिर्डी नगरी में जाकर, देखी मतवाली मूर्ति। धन्य जन्म हो गया कि हमने, जब देखी साईं की सूरति ॥30॥ जबसे किए हैं दर्शन हमने, दु:ख सारा काफूर हो गया। संकट सारे मिटे और, विपदाओं का अन्त हो गया॥ मान और सम्मान मिला, भिक्षा में हमको बाबा से। प्रतिबिम्बित हो उठे जगत में, हम साईं की आभा से॥ बाबा ने सम्मान दिया है, मान दिया इस जीवन में। इसका ही सम्बल ले मैं, हंसता जाऊंगा जीवन में॥ साईं की लीला का मेरे, मन पर ऐसा असर हुआ। लगता जगती के कण-कण में, जैसे हो वह भरा हुआ॥ “काशीराम” बाबा का भक्त, इस शिर्डी में रहता था। मैं साईं का साईं मेरा, वह दुनिया से कहता था॥ सीकर स्वयं वस्त्र बेचता, ग्राम नगर बाजारों में। झंकृत उसकी हृद तन्त्री थी, साईं की झंकारों में॥ स्तब्ध निशा थी, थे सोये, रजनी आंचल में चांद-सितारे। नहीं सूझता रहा हाथ को हाथ तिमिर के मारे॥ वस्त्र बेचकर लौट रहा था, हाय! हाट से “काशी”। विचित्र बड़ा संयोग कि उस दिन, आता था वह एकाकी॥ घेर राह में खड़े हो गए, उसे कुटिल, अन्यायी। मारो काटो लूटो इस की ही ध्वनि पड़ी सुनाई॥ लूट पीट कर उसे वहां से, कुटिल गये चम्पत हो। आघातों से, मर्माहत हो, उसने दी संज्ञा खो ॥40॥ बहुत देर तक पड़ा रहा वह, वहीं उसी हालत में। जाने कब कुछ होश हो उठा, उसको किसी पलक में॥ अनजाने ही उसके मुंह से, निकल पड़ा था साईं। जिसकी प्रतिध्वनि शिर्डी में, बाबा को पड़ी सुनाई॥ क्षुब्ध उठा हो मानस उनका, बाबा गए विकल हो। लगता जैसे घटना सारी, घटी उन्हीं के सम्मुख हो॥ उन्मादी से इधर-उधर, तब बाबा लगे भटकने। सम्मुख चीजें जो भी आईं, उनको लगे पटकने॥ और धधकते अंगारों में, बाबा ने अपना कर डाला। हुए सशंकित सभी वहां, लख ताण्डव नृत्य निराला॥ समझ गए सब लोग कि कोई, भक्त पड़ा संकट में। क्षुभित खड़े थे सभी वहां पर, पड़े हुए विस्मय में॥ उसे बचाने के ही खातिर, बाबा आज विकल हैं। उसकी ही पीड़ा से पीड़ित, उनका अन्त:स्थल है॥ इतने में ही विधि ने अपनी, विचित्रता दिखलाई। लख कर जिसको जनता की, श्रद्धा-सरिता लहराई॥ लेकर संज्ञाहीन भक्त को, गाड़ी एक वहां आई। सम्मुख अपने देख भक्त को, साईं की आंखें भर आईं॥ शान्त, धीर, गम्भीर सिन्धु-सा, बाबा का अन्त:स्थल। आज न जाने क्यों रह-रह कर, हो जाता था चंचल ॥50॥ आज दया की मूर्ति स्वयं था, बना हुआ उपचारी। और भक्त के लिए आज था, देव बना प्रतिहारी॥ आज भक्ति की विषम परीक्षा में, सफल हुआ था काशी। उसके ही दर्शन के खातिर, थे उमड़े नगर-निवासी॥ जब भी और जहां भी कोई, भक्त पड़े संकट में। उसकी रक्षा करने बाबा, आते हैं पलभर में॥ युग-युग का है सत्य यह, नहीं कोई नई कहानी। आपातग्रस्त भक्त जब होता, आते खुद अन्तर्यामी॥ भेद-भाव से परे पुजारी, मानवता के थे साईं। जितने प्यारे हिन्दु-मुस्लिम, उतने ही थे सिक्ख ईसाई॥ भेद-भाव मन्दिर-मस्जिद का, तोड़-फोड़ बाबा ने डाला। राम-रहीम सभी उनके थे, कृष्ण-करीम-अल्लाहताला॥ घण्टे की प्रतिध्वनि से गूंजा, मस्जिद का कोना-कोना। मिले परस्पर हिन्दू-मुस्लिम, प्यार बढ़ा दिन-दिन दूना॥ चमत्कार था कितना सुंदर, परिचय इस काया ने दी। और नीम कडुवाहट में भी, मिठास बाबा ने भर दी॥ सबको स्नेह दिया साईं ने, सबको सन्तुल प्यार किया। जो कुछ जिसने भी चाहा, बाबा ने उनको वही दिया॥ ऐसे स्नेह शील भाजन का, नाम सदा जो जपा करे। पर्वत जैसा दु:ख न क्यों हो, पलभर में वह दूर टरे ॥60॥ साईं जैसा दाता हमने, अरे नहीं देखा कोई। जिसके केवल दर्शन से ही, सारी विपदा दूर हो गई॥ तन में साईं, मन में साईं, साईं-साईं भजा करो। अपने तन की सुधि-बुधि खोकर, सुधि उसकी तुम किया करो॥ जब तू अपनी सुधि तज, बाबा की सुधि किया करेगा। और रात-दिन बाबा, बाबा ही तू रटा करेगा॥ तो बाबा को अरे! विवश हो, सुधि तेरी लेनी ही होगी। तेरी हर इच्छा बाबा को, पूरी ही करनी होगी॥ जंगल-जंगल भटक न पागल, और ढूंढ़ने बाबा को। एक जगह केवल शिर्डी में, तू पायेगा बाबा को॥ धन्य जगत में प्राणी है वह, जिसने बाबा को पाया। दु:ख में सुख में प्रहर आठ हो, साईं का ही गुण गाया॥ गिरें संकटों के पर्वत, चाहे बिजली ही टूट पड़े। साईं का ले नाम सदा तुम, सम्मुख सब के रहो अड़े॥ इस बूढ़े की करामात सुन, तुम हो जाओगे हैरान। दंग रह गये सुनकर जिसको, जाने कितने चतुर सुजान॥ एक बार शिर्डी में साधू, ढ़ोंगी था कोई आया। भोली-भाली नगर-निवासी, जनता को था भरमाया॥ जड़ी-बूटियां उन्हें दिखाकर, करने लगा वहां भाषण। कहने लगा सुनो श्रोतागण, घर मेरा है वृन्दावन ॥70॥ औषधि मेरे पास एक है, और अजब इसमें शक्ति। इसके सेवन करने से ही, हो जाती दु:ख से मुक्ति॥ अगर मुक्त होना चाहो तुम, संकट से बीमारी से। तो है मेरा नम्र निवेदन, हर नर से हर नारी से॥ लो खरीद तुम इसको इसकी, सेवन विधियां हैं न्यारी। यद्यपि तुच्छ वस्तु है यह, गुण उसके हैं अति भारी॥ जो है संतति हीन यहां यदि, मेरी औषधि को खायें। पुत्र-रत्न हो प्राप्त, अरे वह मुंह मांगा फल पायें॥ औषधि मेरी जो न खरीदे, जीवन भर पछतायेगा। मुझ जैसा प्राणी शायद ही, अरे यहां आ पायेगा॥ दुनियां दो दिन का मेला है, मौज शौक तुम भी कर लो। गर इससे मिलता है, सब कुछ, तुम भी इसको ले लो॥ हैरानी बढ़ती जनता की, लख इसकी कारस्तानी। प्रमुदित वह भी मन ही मन था, लख लोगो की नादानी॥ खबर सुनाने बाबा को यह, गया दौड़कर सेवक एक। सुनकर भृकुटि तनी और, विस्मरण हो गया सभी विवेक॥ हुक्म दिया सेवक को, सत्वर पकड़ दुष्ट को लाओ। या शिर्डी की सीमा से, कपटी को दूर भगाओ॥ मेरे रहते भोली-भाली, शिर्डी की जनता को। कौन नीच ऐसा जो, साहस करता है छलने को ॥80॥ पल भर में ही ऐसे ढ़ोंगी, कपटी नीच लुटेरे को। महानाश के महागर्त में, पहुंचा दूं जीवन भर को॥ तनिक मिला आभास मदारी क्रूर कुटिल अन्यायी को। काल नाचता है अब सिर पर, गुस्सा आया साईं को॥ पल भर में सब खेल बन्द कर, भागा सिर पर रखकर पैर। सोच रहा था मन ही मन, भगवान नहीं है अब खैर॥ सच है साईं जैसा दानी, मिल न सकेगा जग में। अंश ईश का साईंबाबा, उन्हें न कुछ भी मुश्किल जग में॥ स्नेह, शील, सौजन्य आदि का, आभूषण धारण कर। बढ़ता इस दुनिया में जो भी, मानव-सेवा के पथ पर॥ वही जीत लेता है जगती के, जन-जन का अन्त:स्थल। उसकी एक उदासी ही जग को कर देती है विह्वल॥ जब-जब जग में भार पाप का, बढ़ बढ़ ही जाता है। उसे मिटाने के ही खातिर, अवतारी ही आता है॥ पाप और अन्याय सभी कुछ, इस जगती का हर के। दूर भगा देता दुनिया के, दानव को क्षण भर में॥ स्नेह सुधा की धार बरसने, लगती है इस दुनिया में। गले परस्पर मिलने लगते, हैं जन-जन आपस में॥ ऐसे ही अवतारी साईं, मृत्युलोक में आकर। समता का यह पाठ पढ़ाया, सबको अपना आप मिटाकर ॥90॥ नाम द्वारका मस्जिद का, रक्खा शिर्डी में साईं ने। दाप, ताप, सन्ताप मिटाया, जो कुछ आया साईं ने॥ सदा याद में मस्त राम की, बैठे रहते थे साईं। पहर आठ ही राम नाम का, भजते रहते थे साईं॥ सूखी-रूखी, ताजी-बासी, चाहे या होवे पकवान। सदा प्यार के भूखे साईं की, खातिर थे सभी समान॥ स्नेह और श्रद्धा से अपनी, जन जो कुछ दे जाते थे। बड़े चाव से उस भोजन को, बाबा पावन करते थे॥ कभी-कभी मन बहलाने को, बाबा बाग में जाते थे। प्रमुदित मन में निरख प्रकृति, छटा को वे होते थे॥ रंग-बिरंगे पुष्प बाग के, मन्द-मन्द हिल-डुल करके। बीहड़ वीराने मन में भी, स्नेह सलिल भर जाते थे॥ ऐसी सुमधुर बेला में भी, दु:ख आपात विपदा के मारे। अपने मन की व्यथा सुनाने, जन रहते बाबा को घेरे॥ सुनकर जिनकी करूण कथा को, नयन कमल भर आते थे। दे विभूति हर व्यथा, शान्ति, उनके उर में भर देते थे॥ जाने क्या अद्भुत शक्ति, उस विभूति में होती थी। जो धारण करते मस्तक पर, दु:ख सारा हर लेती थी॥ धन्य मनुज वे साक्षात् दर्शन, जो बाबा साईं के पाये। धन्य कमल-कर उनके जिनसे, चरण-कमल वे परसाये ॥100॥ काश निर्भय तुमको भी, साक्षात साईं मिल जाता। बरसों से उजड़ा चमन अपना, फिर से आज खिल जाता॥ गर पकड़ता मैं चरण श्री के, नहीं छोड़ता उम्रभर। मना लेता मैं जरूर उनको, गर रूठते साईं मुझ पर॥
लिप्यंतरण
Shri Sai Chalisa Pahle Sai Ke Charnon Mein, Apna Sheesh Namaaun Main, Kaise Shirdi Sai Aae, Saara Haal Sunaaun Main. Chaupai Kaun Hain Maata, Pita Kaun Hain, Yah Na Kisi Ne Bhi Jaana, Kahaan Janam Sai Ne Dhaara, Prashn Paheli Raha Bana. Koi Kahe Ayodhya Ke Ye, Raamchandra Bhagvaan Hain, Koi Kahta Saibaba, Pavan-Putra Hanumaan Hain. Koi Kahta Mangal Moorti, Shri Gajaanan Hain Sai, Koi Kahta Gokul-Mohan, Devki Nandan Hain Sai. Shankar Samajh Bhakt Kai To, Baba Ko Bhajte Rahte, Koi Kah Avtaar Datt Ka, Pooja Sai Ki Karte. Kuchh Bhi Maano Unko Tum, Par Sai Hain Sachche Bhagvaan, Bade Dayaalu, Deenbandhu, Kitnon Ko Diya Hai Jeevan Daan. Kai Varsh Pahle Ki Ghatna, Tumhen Sunaaoonga Main Baat, Kisi Bhaagyashaali Ki, Shirdi Mein Aai Thi Baaraat. Aaya Saath Usi Ke Tha, Baalak Ek Bahut Sundar, Aaya, Aakar Vahin Bas Gaya, Paavan Shirdi Kiya Nagar. Kai Dinon Tak Raha Bhatakta, Bhiksha Maangi Usne Dar-Dar, Aur Dikhaai Aisi Leela, Jag Mein Jo Ho Gai Amar. Jaise-Jaise Umar Badhi, Vaise Hi Badhti Gai Shaan, Ghar-Ghar Hone Laga Nagar Mein, Sai Baba Ka Gungaan (10) Dig-Digant Mein Laga Goonjne, Phir To Saiji Ka Naam, Deen-Dukhi Ki Raksha Karna, Yahi Raha Baba Ka Kaam. Baba Ke Charnon Mein Jaakar, Jo Kahta Main Hoon Nirdhan, Daya Usi Par Hoti Unki, Khul Jaate Dukh Ke Bandhan. Kabhi Kisi Ne Maangi Bhiksha, Do Baba Mujhko Santaan, Evam Astu Tab Kahkar Sai, Dete The Usko Vardaan. Svayam Dukhi Baba Ho Jaate, Deen-Dukhi Jan Ka Lakh Haal, Antahkaran Shri Sai Ka, Saagar Jaisa Raha Vishaal. Bhakt Ek Madraasi Aaya, Ghar Ka Bahut Bada Dhanvaan, Maal Khajaana Behad Uska, Keval Nahin Rahi Santaan. Laga Manaane Sai Naath Ko, Baba Mujh Par Daya Karo, Jhanjha Se Jhankrit Naiya Ko, Tum Hi Meri Paar Karo. Kuldeepak Ke Bina Andhera, Chhaaya Hua Ghar Mein Mere, Isiliye Aaya Hoon Baba, Hokar Sharnaagat Tere. Kuldeepak Ke Abhaav Mein, Vyarth Hai Daulat Ki Maaya, Aaj Bhikhaari Ban Kar Baba, Sharan Tumhaari Main Aaya. De Do Mujhko Putra Daan, Main Rini Rahoonga Jeevan Bhar, Aur Kisi Ki Aas Na Mujhko, Sirf Bharosa Hai Tum Par. Anunay-Vinay Bahut Ki Usne, Charnon Mein Dhar Ke Sheesh, Tab Prasanna Hokar Baba Ne, Diya Bhakt Ko Yah Aasheesh (20) “Allah Bhala Karega Tera”, Putra Janm Ho Tere Ghar, Kripa Hogi Tum Par Uski, Aur Tere Us Baalak Par. Ab Tak Nahi Kisi Ne Paaya, Sai Ki Kripa Ka Paar, Putra Ratna De Madraasi Ko, Dhanya Kiya Uska Sansaar. Tan-Man Se Jo Bhaje Usi Ka, Jag Mein Hota Hai Uddhaar, Saanch Ko Aanch Nahin Hai Koi, Sada Jhooth Ki Hoti Haar. Main Hoon Sada Sahaare Uske, Sada Rahoonga Uska Daas, Sai Jaisa Prabhu Mila Hai, Itni Hi Kam Hai Kya Aas. Mera Bhi Din Tha Ik Aisa, Milti Nahin Mujhe Thi Roti, Tan Par Kapda Door Raha Tha, Shesh Rahi Nanhi Si Langoti. Sarita Sanmukh Hone Par Bhi Main Pyaasa Ka Pyaasa Tha, Durdin Mera Mere Oopar, Daavaagni Barsaata Tha. Dharti Ke Atirikt Jagat Mein, Mera Kuchh Avlamb Na Tha, Bana Bhikhaari Main Duniya Mein, Dar-Dar Thokar Khaata Tha. Aise Mein Ik Mitra Mila Jo, Param Bhakt Sai Ka Tha, Janjaalon Se Mukt Magar Is, Jagti Mein Vah Mujh-Sa Tha. Baba Ke Darshan Ki Khaatir, Mil Donon Ne Kiya Vichaar, Sai Jaise Daya-Moorti Ke, Darshan Ko Ho Gae Taiyaar. Paavan Shirdi Nagri Mein Jaakar, Dekhi Matvaali Moorti, Dhanya Janm Ho Gaya Ki Hamne, Jab Dekhi Sai Ki Soorti (30) Jabse Kie Hain Darshan Hamne, Dukh Saara Kaaphoor Ho Gaya, Sankat Saare Mite Aur, Vipdaaon Ka Ant Ho Gaya. Maan Aur Sammaan Mila, Bhiksha Mein Hamko Baba Se, Pratibimbit Ho Uthe Jagat Mein, Ham Sai Ki Aabha Se. Baba Ne Sammaan Diya Hai, Maan Diya Is Jeevan Mein, Iska Hi Sambal Le Main, Hansta Jaaoonga Jeevan Mein. Sai Ki Leela Ka Mere, Man Par Aisa Asar Hua, Lagta Jagti Ke Kan-Kan Mein, Jaise Ho Vah Bhara Hua. “Kashiram” Baba Ka Bhakt, Is Shirdi Mein Rahta Tha, Main Sai Ka Sai Mera, Vah Duniya Se Kahta Tha. Seekar Svayam Vastra Bechta, Graam Nagar Baajaaron Mein, Jhankrit Uski Hrid Tantri Thi, Sai Ki Jhankaaron Mein. Stabdh Nisha Thi, The Soye, Rajni Aanchal Mein Chaand-Sitaare, Nahin Soojhta Raha Haath Ko Haath Timir Ke Maare. Vastra Bechkar Laut Raha Tha, Haay! Haat Se “Kashi”, Vichitra Bada Sanyog Ki Us Din, Aata Tha Vah Ekaaki. Gher Raah Mein Khade Ho Gae, Use Kutil, Anyaayi, Maaro Kaato Looto Is Ki Hi Dhvani Padi Sunaai. Loot Peet Kar Use Vahaan Se, Kutil Gaye Champat Ho, Aaghaaton Se, Marmaahat Ho, Usne Di Sanjna Kho (40) Bahut Der Tak Pada Raha Vah, Vahin Usi Haalat Mein, Jaane Kab Kuchh Hosh Ho Utha, Usko Kisi Palak Mein. Anjaane Hi Uske Munh Se, Nikal Pada Tha Sai, Jiski Pratidhvani Shirdi Mein, Baba Ko Padi Sunaai. Kshubdh Utha Ho Maanas Unka, Baba Gae Vikal Ho, Lagta Jaise Ghatna Saari, Ghati Unhin Ke Sammukh Ho. Unmaadi Se Idhar-Udhar, Tab Baba Lage Bhatakne, Sammukh Cheejen Jo Bhi Aain, Unko Lage Patakne. Aur Dhadhakte Angaaron Mein, Baba Ne Apna Kar Daala, Hue Sashankit Sabhi Vahaan, Lakh Taandav Nritya Niraala. Samajh Gae Sab Log Ki Koi, Bhakt Pada Sankat Mein, Kshubhit Khade The Sabhi Vahaan Par, Pade Hue Vismay Mein. Use Bachaane Ke Hi Khaatir, Baba Aaj Vikal Hain, Uski Hi Peeda Se Peedit, Unka Antahsthal Hai. Itne Mein Hi Vidhi Ne Apni, Vichitrata Dikhlaai, Lakh Kar Jisko Janta Ki, Shraddha-Sarita Lahraai. Lekar Sanjnaaheen Bhakt Ko, Gaadi Ek Vahaan Aai, Sammukh Apne Dekh Bhakt Ko, Sai Ki Aankhen Bhar Aain. Shaant, Dheer, Gambheer Sindhu-Sa, Baba Ka Antahsthal, Aaj Na Jaane Kyon Rah-Rah Kar, Ho Jaata Tha Chanchal (50) Aaj Daya Ki Moorti Svayam Tha, Bana Hua Upchaari, Aur Bhakt Ke Lie Aaj Tha, Dev Bana Pratihaari. Aaj Bhakti Ki Visham Pareeksha Mein, Saphal Hua Tha Kashi, Uske Hi Darshan Ke Khaatir, The Umde Nagar-Nivaasi. Jab Bhi Aur Jahaan Bhi Koi, Bhakt Pade Sankat Mein, Uski Raksha Karne Baba, Aate Hain Palbhar Mein. Yug-Yug Ka Hai Saty Yah, Nahin Koi Nai Kahaani, Aapatgrast Bhakt Jab Hota, Aate Khud Antaryaami. Bhed-Bhaav Se Pare Pujaari, Maanavta Ke The Sai, Jitne Pyaare Hindu-Muslim, Utne Hi The Sikh Eesaai. Bhed-Bhaav Mandir-Masjid Ka, Tod-Phod Baba Ne Daala, Raam-Raheem Sabhi Unke The, Krishna-Kareem-Allahtaala. Ghante Ki Pratidhvani Se Goonja, Masjid Ka Kona-Kona, Mile Paraspar Hindu-Muslim, Pyaar Badha Din-Din Doona. Chamatkaar Tha Kitna Sundar, Parichay Is Kaaya Ne Di, Aur Neem Kaduvaahat Mein Bhi, Mithaas Baba Ne Bhar Di. Sabko Sneh Diya Sai Ne, Sabko Santul Pyaar Kiya, Jo Kuchh Jisne Bhi Chaaha, Baba Ne Unko Vahi Diya. Aise Sneh Sheel Bhaajan Ka, Naam Sada Jo Japa Kare, Parvat Jaisa Dukh Na Kyon Ho, Palbhar Mein Vah Door Tare (60) Sai Jaisa Daata Hamne, Are Nahin Dekha Koi, Jiske Keval Darshan Se Hi, Saari Vipda Door Ho Gai. Tan Mein Sai, Man Mein Sai, Sai-Sai Bhaja Karo, Apne Tan Ki Sudhi-Budhi Khokar, Sudhi Uski Tum Kiya Karo. Jab Tu Apni Sudhi Taj, Baba Ki Sudhi Kiya Karega, Aur Raat-Din Baba, Baba Hi Tu Rata Karega. To Baba Ko Are! Vivash Ho, Sudhi Teri Leni Hi Hogi, Teri Har Ichchha Baba Ko, Poori Hi Karni Hogi. Jangal-Jangal Bhatak Na Paagal, Aur Dhoondhne Baba Ko, Ek Jagah Keval Shirdi Mein, Tu Paayega Baba Ko. Dhanya Jagat Mein Praani Hai Vah, Jisne Baba Ko Paaya, Dukh Mein Sukh Mein Prahar Aath Ho, Sai Ka Hi Gun Gaaya. Giren Sankton Ke Parvat, Chaahe Bijli Hi Toot Pade, Sai Ka Le Naam Sada Tum, Sammukh Sab Ke Raho Ade. Is Boodhe Ki Karaamaat Sun, Tum Ho Jaaoge Hairaan, Dang Rah Gaye Sunkar Jisko, Jaane Kitne Chatur Sujaan. Ek Baar Shirdi Mein Saadhu, Dhongi Tha Koi Aaya, Bholi-Bhaali Nagar-Nivaasi, Janta Ko Tha Bharmaaya. Jadi-Bootiyaan Unhen Dikhaakar, Karne Laga Vahaan Bhaashan, Kahne Laga Suno Shrotaagan, Ghar Mera Hai Vrindaavan (70) Aushdhi Mere Paas Ek Hai, Aur Ajab Ismen Shakti, Iske Sevan Karne Se Hi, Ho Jaati Dukh Se Mukti. Agar Mukt Hona Chaaho Tum, Sankat Se Beemaari Se, To Hai Mera Namra Nivedan, Har Nar Se Har Naari Se. Lo Khareed Tum Isko Iski, Sevan Vidhiyaan Hain Nyaari, Yadyapi Tuchchha Vastu Hai Yah, Gun Uske Hain Ati Bhaari. Jo Hai Santati Heen Yahaan Yadi, Meri Aushdhi Ko Khaayen, Putra-Ratna Ho Praapta, Are Vah Munh Maanga Phal Paayen. Aushdhi Meri Jo Na Khareede, Jeevan Bhar Pachhtaayega, Mujh Jaisa Praani Shaayad Hi, Are Yahaan Aa Paayega. Duniyaan Do Din Ka Mela Hai, Mauj Shauk Tum Bhi Kar Lo, Gar Isse Milta Hai, Sab Kuchh, Tum Bhi Isko Le Lo. Hairaani Badhti Janta Ki, Lakh Iski Kaarastaani, Pramudit Vah Bhi Man Hi Man Tha, Lakh Logo Ki Naadaani. Khabar Sunaane Baba Ko Yah, Gaya Daudkar Sevak Ek, Sunkar Bhrikuti Tani Aur, Vismaran Ho Gaya Sabhi Vivek. Hukm Diya Sevak Ko, Satvar Pakad Dusht Ko Laao, Ya Shirdi Ki Seema Se, Kapti Ko Door Bhagaao. Mere Rahte Bholi-Bhaali, Shirdi Ki Janta Ko, Kaun Neech Aisa Jo, Saahas Karta Hai Chhalne Ko (80) Pal Bhar Mein Hi Aise Dhongi, Kapti Neech Lutere Ko, Mahaanaash Ke Mahaagart Mein, Pahuncha Doon Jeevan Bhar Ko. Tanik Mila Aabhaas Madaari Kroor Kutil Anyaayi Ko, Kaal Naachta Hai Ab Sir Par, Gussa Aaya Sai Ko. Pal Bhar Mein Sab Khel Band Kar, Bhaaga Sir Par Rakhkar Pair, Soch Raha Tha Man Hi Man, Bhagvaan Nahin Hai Ab Khair. Sach Hai Sai Jaisa Daani, Mil Na Sakega Jag Mein, Ansh Eesh Ka Saibaba, Unhen Na Kuchh Bhi Mushkil Jag Mein. Sneh, Sheel, Saujanya Aadi Ka, Aabhooshan Dhaaran Kar, Badhta Is Duniya Mein Jo Bhi, Maanav-Seva Ke Path Par. Vahi Jeet Leta Hai Jagti Ke, Jan-Jan Ka Antahsthal, Uski Ek Udaasi Hi Jag Ko Kar Deti Hai Vihval. Jab-Jab Jag Mein Bhaar Paap Ka, Badh Badh Hi Jaata Hai, Use Mitaane Ke Hi Khaatir, Avtaari Hi Aata Hai. Paap Aur Anyaay Sabhi Kuchh, Is Jagti Ka Har Ke, Door Bhaga Deta Duniya Ke, Daanav Ko Kshan Bhar Mein. Sneh Sudha Ki Dhaar Barasne, Lagti Hai Is Duniya Mein, Gale Paraspar Milne Lagte, Hain Jan-Jan Aapas Mein. Aise Hi Avtaari Sai, Mrityulok Mein Aakar, Samta Ka Yah Paath Padhaaya, Sabko Apna Aap Mitaakar (90) Naam Dvaarka Masjid Ka, Rakkha Shirdi Mein Sai Ne, Daap, Taap, Santaap Mitaaya, Jo Kuchh Aaya Sai Ne. Sada Yaad Mein Mast Raam Ki, Baithe Rahte The Sai, Pahar Aath Hi Raam Naam Ka, Bhajte Rahte The Sai. Sookhi-Rookhi, Taaji-Baasi, Chaahe Ya Hove Pakvaan, Sada Pyaar Ke Bhookhe Sai Ki, Khaatir The Sabhi Samaan. Sneh Aur Shraddha Se Apni, Jan Jo Kuchh De Jaate The, Bade Chaav Se Us Bhojan Ko, Baba Paavan Karte The. Kabhi-Kabhi Man Bahlaane Ko, Baba Baag Mein Jaate The, Pramudit Man Mein Nirakh Prakriti, Chhata Ko Ve Hote The. Rang-Birange Pushp Baag Ke, Mand-Mand Hil-Dul Karke, Beehad Veeraane Man Mein Bhi, Sneh Salil Bhar Jaate The. Aisi Sumadhur Bela Mein Bhi, Dukh Aapaat Vipda Ke Maare, Apne Man Ki Vyatha Sunaane, Jan Rahte Baba Ko Ghere. Sunkar Jinki Karun Katha Ko, Nayan Kamal Bhar Aate The, De Vibhooti Har Vyatha, Shaanti, Unke Ur Mein Bhar Dete The. Jaane Kya Adbhut Shakti, Us Vibhooti Mein Hoti Thi, Jo Dhaaran Karte Mastk Par, Dukh Saara Har Leti Thi. Dhanya Manuj Ve Saakshaat Darshan, Jo Baba Sai Ke Paaye, Dhanya Kamal-Kar Unke Jinse, Charan-Kamal Ve Parsaaye (100) Kaash Nirbhay Tumko Bhi, Saakshaat Sai Mil Jaata, Barson Se Ujda Chaman Apna, Phir Se Aaj Khil Jaata. Gar Pakadta Main Charan Shri Ke, Nahin Chhodta Umrabhar, Mana Leta Main Jaroor Unko, Gar Roothte Sai Mujh Par.
शिर्डी के साईं बाबा और उनकी चालीसा
साईं बाबा महाराष्ट्र के अहमदनगर (अब अहिल्यानगर) जिले के गाँव शिर्डी में लगभग साठ वर्ष रहे, और विजयादशमी, 15 अक्टूबर 1918 को उन्होंने देह त्यागी। वे एक पुरानी मस्जिद में रहते थे जिसे वे द्वारकामाई कहते थे, वहाँ धूनी जलाए रखते थे और उसकी राख — ऊदी — आने वालों को देते थे। हिंदू और मुसलमान दोनों उन्हें अपना मानते थे, और बाबा ने यह प्रश्न कभी किसी के लिए तय नहीं किया। शिर्डी का उनका मंदिर आज भारत के सबसे व्यस्त तीर्थों में है, और हर जगह के साईं मंदिरों में गुरुवार उनका दिन माना जाता है।
साईं चालीसा वह हिंदी भक्ति-गीत है जो इनमें से अधिकतर मंदिरों में गाया जाता है। यह सरल खड़ी बोली हिंदी की आधुनिक रचना है, कोई प्राचीन ग्रंथ नहीं, और जिन स्रोतों को हमने जाँचा उनमें इसके रचयिता का नाम नहीं है। पुरानी चालीसाओं की तरह इसमें अंत में कवि की छाप वाली पंक्ति भी नहीं है। अंतिम से पहला पद किसी "निर्भय" को संबोधित करता है ("काश निर्भय तुमको भी, साक्षात साईं मिल जाता") — यह कवि का नाम भी हो सकता है और केवल "निडर मन" का संबोधन भी; स्रोत इस बारे में कुछ नहीं कहते।
चालीस नहीं, 102 पद
नाम चालीसा है, पर इसमें चार-चार पंक्तियों के 102 पद हैं। द्रिक पंचांग के पाठ में हर दसवें पद पर क्रमांक दिया गया है। वास्तव में यह एक कथा-गीत है — कहानियों की एक माला, जिसे कहने वाला "मैं" बनकर बोलता है और बताता है कि वह स्वयं कभी भिखारी था।
पद क्या बताते हैं
- पद 1–6 — वे कौन थे? उनकी माता, पिता, जन्मस्थान कोई नहीं जानता। कोई उन्हें अयोध्या के राम कहता है, कोई हनुमान, कोई गणेश, कोई कृष्ण, कोई शंकर, और कोई दत्तात्रेय का अवतार। चालीसा का उत्तर: "कुछ भी मानो उनको तुम, पर साईं हैं सच्चे भगवान।"
- पद 7–14 — शिर्डी आगमन। एक भाग्यशाली की बारात के साथ एक सुंदर बालक शिर्डी आया और वहीं बस गया। उसने दर-दर भिक्षा माँगी, उम्र के साथ उसकी शान बढ़ती गई, और माँगने वालों को वे "एवं अस्तु" कहकर वरदान देते थे।
- पद 15–22 — मद्रासी भक्त। संतानहीन एक बहुत धनी व्यक्ति बाबा के चरणों में गिड़गिड़ाता है। बाबा आशीष देते हैं: "अल्लाह भला करेगा तेरा" — और उसके घर पुत्र जन्म लेता है।
- पद 25–34 — कथावाचक की अपनी कहानी। वह भूखा था, तन पर केवल लंगोटी थी, "सरिता सन्मुख होने पर भी मैं प्यासा का प्यासा था।" एक मित्र के साथ वह शिर्डी जाता है, और दर्शन होते ही उसके दुःख मिट जाते हैं।
- पद 35–52 — काशीराम। सबसे लंबी कथा। शिर्डी में रहने वाला भक्त काशीराम, जो स्वयं कपड़ा सीकर गाँव-नगर के बाजारों में बेचता था, एक अँधेरी रात लुटेरों से घिर जाता है, लूटा और पीटा जाकर बेहोश हो जाता है। होश आते ही उसके मुँह से "साईं" निकलता है। शिर्डी में बाबा यह सुन लेते हैं, व्याकुल होकर इधर-उधर चीजें पटकने लगते हैं और अपना हाथ धधकते अंगारों में डाल देते हैं, जिसे देखकर सब घबरा जाते हैं। फिर एक गाड़ी बेहोश काशी को लेकर आती है, बाबा की आँखें भर आती हैं और वे स्वयं उसका उपचार करते हैं।
- पद 55–58 — मंदिर-मस्जिद से परे। हिंदू, मुस्लिम, सिख, ईसाई — सब उन्हें समान प्रिय थे; मस्जिद में घंटा बजा; उन्होंने नीम की कड़वाहट में भी मिठास भर दी।
- पद 62–67 — उपदेश। अपनी सुधि छोड़कर "साईं-साईं" जपो, तो बाबा को "विवश होकर" तुम्हारी सुधि लेनी ही होगी। "जंगल-जंगल भटक न पागल… एक जगह केवल शिर्डी में, तू पायेगा बाबा को।"
- पद 68–83 — ढोंगी साधु। स्वयं को वृंदावन का बताने वाला एक ठग गाँव वालों को जड़ी-बूटी की औषधि बेचता है, बीमारी से मुक्ति और संतानहीनों को पुत्र का वादा करता है। बाबा को खबर मिलती है तो वे उसे पकड़ लाने या शिर्डी की सीमा से भगाने का आदेश देते हैं, और वह सिर पर पैर रखकर भागता है।
- पद 84–100 — बाबा की जीवन-शैली। उन्होंने मस्जिद का नाम द्वारका रखा, आठों पहर राम-नाम में मस्त रहते, सूखी-रूखी, ताजी-बासी या पकवान — जो मिला, उसी चाव से ग्रहण करते, बाग में टहलते, और दुःखियों को विभूति (ऊदी) देते।
- पद 101–102 — तड़प। काश मैं उनके चरण पकड़ पाता, तो उम्र भर न छोड़ता, और वे रूठते तो उन्हें मना ही लेता।
कब और कैसे पढ़ें
- गुरुवार को — घर पर साईं बाबा के चित्र के सामने या साईं मंदिर में, प्रायः साईं आरती के साथ।
- मनोकामना के लिए रखे जाने वाले नौ गुरुवार के साईं व्रत में, हर गुरुवार को।
- शिर्डी के तीन बड़े उत्सवों पर: राम नवमी, गुरु पूर्णिमा और विजयादशमी (बाबा की समाधि का दिन)।
- घर पर भक्त प्रायः दीप या धूप जलाते हैं, फूल और सादा मीठा चढ़ाते हैं, और पाठ के बाद माथे पर थोड़ी ऊदी लगाते हैं, जैसा अंतिम पदों में वर्णन है।
पाठ और पाठभेद
ऊपर दिया पाठ आज तक के प्रकाशित पाठ पर आधारित है, जिसे द्रिक पंचांग के पाठ से पंक्ति-दर-पंक्ति मिलाया गया है। दोनों में अंतर ज्यादातर वर्तनी का है (साई / साईं, शिरडी / शिर्डी)। आज तक के पाठ में मद्रासी भक्त की विनती का एक पद ("कुलदीपक के बिना अंधेरा…", पद 17) छूटा हुआ है, जिसे हमने द्रिक पंचांग से रखा है, क्योंकि द्रिक पंचांग की दस-दस की गिनती उसी पद के साथ ठीक बैठती है। कुछ छूटे हुए छोटे शब्द भी द्रिक पंचांग से जोड़े गए हैं। छपी हुई पुस्तिकाओं में भी यही कथाएँ शब्दों के थोड़े-बहुत अंतर के साथ मिलती हैं।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
साईं चालीसा किसने लिखी?
प्रकाशित पाठों में रचयिता का नाम नहीं मिलता। यह बीसवीं सदी की हिंदी भक्ति-कविता है, श्री साईं सच्चरित्र (हेमाडपंत द्वारा मराठी में लिखी बाबा की जीवनी) का भाग नहीं।
"चालीसा" होकर भी इसमें 102 पद क्यों हैं?
नाम परिचित भक्ति-विधा से लिया गया है। यह पाठ बढ़ते-बढ़ते बाबा की लीलाओं का लंबा कथा-गीत बन गया, और इसकी गिनती 100 तक जाकर दो समापन पदों पर पूरी होती है।
साईं चालीसा पढ़ने के लिए कौन-सा दिन सबसे अच्छा है?
गुरुवार, जो मंदिरों और घरों में साईं बाबा का दिन है। बहुत से लोग इसे रोज़ भी पढ़ते हैं, या नौ गुरुवार के साईं व्रत में हर गुरुवार को।
क्या किसी भी धर्म के लोग इसे पढ़ सकते हैं?
हाँ। चालीसा स्वयं कहती है कि हिंदू, मुस्लिम, सिख, ईसाई सब बाबा को समान प्रिय थे, और उसमें बाबा एक भक्त को अल्लाह के नाम से आशीष देते हैं।
साईं चालीसा में काशीराम कौन हैं?
शिर्डी के एक भक्त, जो कपड़ा सीकर गाँव के बाजारों में बेचते थे। चालीसा बताती है कि एक रात वे लूटे और पीटे गए, उन्होंने "साईं" पुकारा, और दूर शिर्डी में बाबा ने उनकी पीड़ा अनुभव की तथा उन्हें लाए जाने पर स्वयं उनकी सेवा की।
अंत में जिस विभूति का उल्लेख है, वह क्या है?
बाबा की ऊदी — द्वारकामाई में जलती धूनी की राख। बाबा इसे आने वालों को देते थे, और भक्त आज भी इसे माथे पर लगाते और प्रसाद के रूप में लेते हैं।
क्या शिर्डी जाना आवश्यक है?
नहीं। एक पद कहता है कि बाबा "केवल शिर्डी में" मिलेंगे, पर यह उस स्थान की काव्यात्मक महिमा है। अधिकतर भक्त चालीसा घर पर या पास के साईं मंदिर में पढ़ते हैं।
कोई त्रुटि दिखे?
यदि आपको इस पृष्ठ पर व्याकरण, हिंदी, अंग्रेज़ी, मंत्र-पाठ या किसी भी प्रकार की त्रुटि दिखे, तो हमें बताएँ — हम 24 घंटे में उसे ठीक कर देंगे।
